
मीरजापुर। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह का गैर-जनपद स्थानांतरण होने पर बुधवार को पुलिस कार्यालय में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने उन्हें बुके, प्रतीक चिह्न एवं उपहार भेंट कर नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं।
नितेश सिंह का स्थानांतरण जनपद गोण्डा में अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पद पर हुआ है। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक ने मीरजापुर में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने नवीन पद पर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव, क्षेत्राधिकारी कार्यालय मुनेन्द्र पाल तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन मन मोहन ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने उनकी कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली, सहयोगात्मक व्यवहार एवं नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए पुष्पमाला, बुके एवं उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
समारोह में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











