नाबालिग से दुष्कर्म, अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामलों में पांच गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म, अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामलों में पांच गिरफ्तार

मीरजापुर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म, अपहरण और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामलों में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा जुआ खेल रहे पांच लोगों को भी गिरफ्तार कर 16,380 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

कोतवाली कटरा पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में नामजद आरोपी आकाश गोयल निवासी बालकदास का पोखरा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

इसी थाना पुलिस ने एक अन्य मामले में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में वांछित पंकज शर्मा निवासी मिदुराशाहीपुर, थाना हंडिया, प्रयागराज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

कछवां पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त वकील बनवासी निवासी उमरी, थाना भदोही को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।

जिगना पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और प्रताड़ित करने के मामले में नामजद आरोपी दीपक बिन्द निवासी अगनपुर नरोईया को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 85 के तहत मुकदमा दर्ज था।

जुआ खेलते पांच गिरफ्तार, 16,380 रुपये बरामद

चिल्ह पुलिस ने ग्राम चिकवा में पीपल के पेड़ के पास सार्वजनिक स्थान पर जीत-हार की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में विकास, मुलायम, अफजल, काजू अहमद और विनोद कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 16,380 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

चार वारंटी गिरफ्तार, 22 का चालान

अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत कोतवाली देहात, चिल्ह और चुनार पुलिस ने कुल चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इनमें कोतवाली देहात से एक, चिल्ह से एक और चुनार से दो वारंटी शामिल हैं।

वहीं जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कुल 22 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें कोतवाली कटरा के पांच, विंध्याचल के पांच, कोतवाली देहात के दो, कछवां के दो, अदलहाट के चार, लालगंज के दो और संतनगर के दो व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें