
अहरौरा में 10.100 किलो गांजा के साथ 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, बिक्री के 11 हजार रुपये बरामद
मिर्जापुर, 30 अक्टूबर। मिर्जापुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अहरौरा थाना क्षेत्र में 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा और गांजा बिक्री के 11 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मड़िहान थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर केडी होटल के पास घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरेश कुमार महतो पुत्र स्वामीनाथ महतो निवासी बभनौलिया, थाना दाउदपुर, जिला छपरा-सारण, बिहार के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता गुरुग्राम, हरियाणा बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त थाना मड़िहान में दर्ज मुकदमा संख्या 151/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट तथा मुकदमा संख्या 228/2026, धारा 8/20/26 एनडीपीएस एक्ट में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के बाद अहरौरा पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र सहित थाना अहरौरा की पुलिस टीम शामिल रही।















