
जमालपुर में गली से गुजरने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे से हमला कर 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या
मीरजापुर, 31 अक्टूबर। जमालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दोहरी में गली से गुजरने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडे से हमला कर 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे थाना जमालपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दोहरी निवासी छयबर बियार (60) एक गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी मुन्नू अंसारी की पुत्री भी गली से गुजर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद से आक्रोशित होकर मुन्नू अंसारी के परिजन नसीम अंसारी और सद्दाम अंसारी ने छयबर बियार पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी तथा थानाध्यक्ष जमालपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।















