
मीरजापुर में छह करोड़ रुपये का गांजा बरामद, ट्रक समेत दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
1204 किलो गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो तस्कर पकड़े गए, उड़ीसा से मीरजापुर, प्रयागराज और वाराणसी में सप्लाई करने जा रहे थे
मीरजापुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 1204 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत छह करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक, तीन मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस टीम ने 30 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या MP 09 HH 8908 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में छिपाकर रखा गया 1204 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने ट्रक सवार मध्य प्रदेश के मऊगंज जनपद निवासी गणेश केवट उर्फ रमेश केवट (44) और शाबिर उर्फ लालू (30) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 515/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।
उड़ीसा से गांजा लाकर करते थे सप्लाई
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा ट्रक में छिपाकर मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जनपदों में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। गांजा बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटकर भौतिक सुख-सुविधाओं पर खर्च करते थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बरकछा खुर्द में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार दोनों तस्करों को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बरकछा खुर्द स्थित छितमपुर मोड़ के पास 30 अक्टूबर को शाम 7:04 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में गणेश केवट उर्फ रमेश केवट पुत्र रामनाथ केवट निवासी अल्हवा, थाना हनुमना, जनपद मऊगंज, मध्य प्रदेश तथा शाबिर उर्फ लालू पुत्र दोष मुहम्मद निवासी डेरा पथरावा, थाना मऊगंज, जनपद मऊगंज, मध्य प्रदेश शामिल हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा एवं कोतवाली देहात पुलिस टीम शामिल रही। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।















