
आंगनबाड़ी में 6 बच्चे मिले, DM नाराज़; स्कूलों की कम उपस्थिति पर भी सख्ती
मीरजापुर, 18 अप्रैल 2026— जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मझवां विकास खंड के ग्राम बजहा स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में चार केंद्रों के बावजूद मात्र 6 बच्चों की उपस्थिति मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में शिक्षण सामग्री की कमी, खिलौनों का अभाव और केंद्र की अव्यवस्थित स्थिति भी सामने आई।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे सवाल पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता परख़ी। शिक्षण स्तर पर संतोष जताते हुए उन्होंने शिक्षक सिद्धार्थ सिंह की सराहना की, लेकिन विज्ञान लैब के उपयोग न होने और छात्रों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताई। कक्षा 1 से 5 तक 188 में से 96 और कक्षा 6 से 8 तक 166 में से 74 छात्रों की उपस्थिति पर सुधार के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सीखड़ विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों को वर्षवार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत कराने, गेहूं खरीद में बिचौलियों पर रोक लगाने और किसानों को सीधे केंद्रों पर उपज बेचने के लिए प्रेरित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।














