
उत्कृष्ट उत्पादन व बिक्री करने वाली ग्रामोद्योग इकाइयों को मिलेगा पुरस्कार
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए उत्कृष्ट उत्पादन एवं बिक्री करने वाली खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों को उत्साहवर्धन पुरस्कार योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद स्तर पर एक इकाई, मंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तथा राज्य स्तर पर भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली इकाइयों को धनराशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद की न्यूनतम तीन वर्ष पुरानी एवं निरंतर संचालित खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक इकाइयों को अपने उत्पादित माल, बिक्री, रोजगार सृजन तथा अन्य संबंधित विवरणों के साथ इकाई के फोटोग्राफ, नाम, पता, मोबाइल नंबर, योजना एवं उद्योग का नाम, उत्पाद का विवरण, वित्तपोषण वर्ष, बैंक से प्राप्त ऋण राशि तथा पिछले तीन वर्षों का उत्पादन, बिक्री और रोजगार संबंधी आंकड़े 15 जून 2026 तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, पथरहिया रोड, मीरजापुर में जमा करने होंगे।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यदिवसों में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।















