मिर्जापुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थानों के प्रभारी बदले

मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद मिर्जापुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई प्रमुख थानों के प्रभारी निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कई निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची के अनुसार न्यायालय सुरक्षा में तैनात निरीक्षक अजीत सिंह को थाना प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल बनाया गया है। वहीं आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक को कटरा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। कटरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह को चील्ह थाने की कमान सौंपी गई है।

चील्ह थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र भूषण मौर्य को मड़िहान थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि मड़िहान के प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा को राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। राजगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रहे वेद प्रकाश पांडेय को लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह को आईजीआरएस प्रभारी बनाया गया है। संत नगर के प्रभारी निरीक्षक राजेश राम को ड्रमंडगंज का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को संत नगर थाने का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा ड्रमंडगंज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भारत सुमन को कछवां थाने में सेकंड अफसर के पद पर तैनात किया गया है। विंध्याचल के प्रभारी निरीक्षक रहे अवनीश राय को पुलिस अधीक्षक का जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) बनाया गया है। वहीं पीआरओ संजीव सिंह को न्यायालय सुरक्षा शाखा में भेजा गया है।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों ने शीघ्र ही अपने-अपने कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें