
गांधी-शास्त्री जयंती पर डैफोडिल्स स्कूल में गूंजा सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश
‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से गूंजा परिसर, पोस्टर प्रतियोगिता व भजन संध्या ने मोहा मन
मीरजापुर। डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निर्देशिका अपराजिता सिंह एवं प्रधानाचार्या ने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से विद्यालय परिसर को गुंजायमान कर दिया। शिक्षकों ने शास्त्री के इस ऐतिहासिक नारे की प्रासंगिकता बताते हुए विद्यार्थियों को देश की सुरक्षा में जवानों तथा राष्ट्र के विकास में किसानों के योगदान से अवगत कराया।
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत ‘एक कदम स्वच्छता की ओर’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के तीन बंदरों के सिद्धांत—‘बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो’—पर आधारित गतिविधि भी प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।
अंत में विद्यार्थियों ने गांधी जी के प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा स्वच्छता के प्रति सजग रहने की शपथ ली।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













