विधानसभा चुनाव से पहले रामकुमार विश्वकर्मा के नई जिम्मेदारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

रामकुमार विश्वकर्मा बने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री

विधानसभा चुनाव से पहले नई जिम्मेदारी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति में मीरजापुर निवासी रामकुमार विश्वकर्मा को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके मनोनयन की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

रामकुमार विश्वकर्मा बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश स्तर पर विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। इसके बाद भाजपा संगठन में भी अलग-अलग जिम्मेदारियों को संभालते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। प्रदेश मंत्री बनाए जाने से पहले वह भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मीरजापुर के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

उनकी नई जिम्मेदारी को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भी देखा जा रहा है। चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा संगठन में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और सक्रियता को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ी हैं। ऐसे में मीरजापुर के रामकुमार विश्वकर्मा को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी दिया जाना स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

राजनीतिक चर्चाओं में इसे पिछड़ा वर्ग के बीच संगठन की पहुंच और संवाद को और मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रामकुमार विश्वकर्मा मीरजापुर समेत पूर्वांचल में पिछड़ा वर्ग के बीच संगठन को और सक्रिय करने में भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, नई जिम्मेदारी के राजनीतिक प्रभाव को लेकर तस्वीर आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के साथ और स्पष्ट होगी।

प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर रामकुमार विश्वकर्मा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें