जानिए मोबाइल खो जाए तो क्या करें,38 गुम मोबाइल बरामद

मीरजापुर में कछवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 38 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए; जानिए मोबाइल खो जाए तो क्या करें

मीरजापुर। कछवां पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए लोगों के गुम और खोए हुए 38 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है। थाना कछवां में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।

पुलिस ने यह कार्रवाई CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और मोबाइल गुम होने संबंधी प्रार्थना पत्रों के आधार पर तकनीकी विश्लेषण करते हुए की। मोबाइल वापस मिलने के बाद स्वामियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। मोबाइल स्वामियों ने मीरजापुर पुलिस का आभार जताते हुए एक साथ कहा—“Thank You Mirzapur Police”।

मोबाइल खो जाए तो क्या करें?

अगर आपका मोबाइल कहीं गुम या चोरी हो जाए तो घबराने के बजाय तत्काल कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए।

1. पुलिस को सूचना दें:
सबसे पहले मोबाइल गुम होने की पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार UPCOP एप के माध्यम से भी ई-एफआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

2. SIM बंद कराकर नया SIM लें:
गुम मोबाइल में लगा SIM तत्काल बंद कराएं और उसी नंबर का डुप्लीकेट SIM जारी कराएं। CEIR पर आवेदन के दौरान दोबारा जारी SIM पर OTP की जरूरत पड़ती है।

3. CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं:
संचार साथी के CEIR पोर्टल पर जाकर गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस शिकायत की प्रति, IMEI नंबर, मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी जानकारी मांगी जाती है।

4. IMEI नंबर संभालकर रखें:
मोबाइल खरीदते समय बिल और IMEI नंबर सुरक्षित रखना चाहिए। मोबाइल गुम होने की स्थिति में यह जानकारी काफी उपयोगी होती है।

इन पुलिसकर्मियों ने की मोबाइल बरामदगी

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमर जीत चौहान, उप निरीक्षक भारत सुमन, उप निरीक्षक साहिद यादव, मुख्य आरक्षी सिद्धार्थ मधेसिया, आरक्षी संजीत कुमार, आरक्षी सुनील यादव, रि. आरक्षी कृष्ण कुमार और रि. महिला आरक्षी सुधा तिवारी शामिल रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें