
श्रद्धा नर्सिंग होम पहुंचकर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने चिकित्सकों से की मुलाकात, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा

मीरजापुर। नगर के तरकापुर स्थित श्रद्धा नर्सिंग होम में विगत दिनों अराजक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना के बाद नगर विधायक रत्नाकर मिश्र नर्सिंग होम पहुंचे। उन्होंने चिकित्सक एवं नर्सिंग होम से जुड़े लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान विधायक ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रत्नाकर मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय करने वाले अथवा अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













