
धर्म परिवर्तन के आरोप में चार गिरफ्तार, शराब के साथ दो पकड़े गए
मीरजापुर। जिले में अपराध एवं कानून-व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए धर्म परिवर्तन के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अवैध देशी शराब के साथ दो लोगों को पकड़ा गया, जबकि पांच वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अहरौरा पुलिस ने धर्म परिवर्तन के मामले में विनोद कुमार, सुभाष, उमाशंकर और राजेंद्र को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को एक व्यक्ति ने धन एवं अन्य प्रकार का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
वहीं हलिया पुलिस ने राम सकल को 10 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। राजगढ़ पुलिस ने करन सोनकर को पांच लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़ा। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें विंध्याचल और कोतवाली शहर से एक-एक, कोतवाली देहात से दो और ड्रमंडगंज से एक वारंटी शामिल है। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 12 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इनमें कोतवाली कटरा से एक, चिल्ह से दो, हलिया से तीन और जिगना से छह लोग शामिल हैं।















