
लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश
मीरजापुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने सोमवार को परिक्षेत्र के तीनों जनपदों की अपराध शाखाओं में तैनात विवेचकों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीआईजी ने मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही की अपराध शाखाओं में लंबित विवेचनाओं की प्रकरणवार समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों से प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और विवेचना लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण करते हुए प्रत्येक मामले की विवेचना को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाए।
डीआईजी ने विवेचना के दौरान भौतिक, वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नियमानुसार संकलित और परीक्षण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मामलों का निस्तारण उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत तरीके से किया जाए, ताकि न्यायालय में प्रभावी पैरवी और अभियोजन में भी किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विवेचकों को विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिक प्रावधानों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।















