मंत्री नंदी की बैठक में एआईजी स्टाम्प को कारण बताओ नोटिस, समाज कल्याण अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि

एआईजी स्टाम्प को कारण बताओ नोटिस, समाज कल्याण अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि

मीरजापुर, 14 जून। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने रविवार को जिला पंचायत सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था तथा सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन और तैयारी के अभाव पर उन्होंने कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में अनुपस्थित रहने पर एआईजी स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं विभागीय जानकारी सही ढंग से प्रस्तुत नहीं कर पाने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार को चेतावनी जारी करने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अधिकारी प्रत्येक समीक्षा बैठक में पूरी तैयारी और विभागीय आंकड़ों के साथ उपस्थित हों। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में संतोषजनक जवाब न देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों को माहवार लक्ष्य निर्धारित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद को प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में लाने के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।

बैठक में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को अभियान चलाकर योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, कन्या सुमंगला, पारिवारिक लाभ योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं की रैंडम जांच कराने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने भू-माफियाओं, गैंगस्टर, महिला उत्पीड़न के आरोपियों, गोतस्करों तथा अवैध मादक पदार्थ और शराब कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाजारों में नियमित पैदल गश्त कर व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा किया जाए।

बैठक में भाजपा जिला प्रभारी सरोज कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, एमएलसी श्याम नारायण सिंह, विधायक रत्नाकर मिश्र, रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्या, रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें