विंध्याचल में गंगा स्नान के दौरान डूबने लगे पांच श्रद्धालु का नविको ने बचाई जान

गंगा स्नान के दौरान डूबने लगे पांच श्रद्धालु, नाविकों की सूझबूझ से बची जान

विंध्याचल (मीरजापुर), 14 जून। विंध्याचल के गंगा घाट पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया, जब हरियाणा के अंबाला जनपद से दर्शन-पूजन के लिए आए पांच श्रद्धालु गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान एक बच्चे का पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके साथ मौजूद अन्य लोग भी संतुलन खो बैठे और पानी में समाने लगे। घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाई।

शोर सुनते ही स्थानीय नाविक और गोताखोर तत्काल सक्रिय हो गए तथा बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद सभी पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद घाट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डूबने वालों में आशीष, सुमित, समीर, परेम और राकी शामिल हैं। सभी हरियाणा के अंबाला जनपद से विंध्याचल धाम दर्शन के लिए आए थे।

जान बचने के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते नाविक सहायता के लिए नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने भी नाविकों की तत्परता और साहस की प्रशंसा की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें