मिर्जापुर के किसानों के लिए कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू, 30 जुलाई तक करें आवेदन

मिर्जापुर के किसानों के लिए कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू, 30 जुलाई तक करें आवेदन

अनुदान पर मिलेंगे कृषि यंत्र, किसान ड्रोन, लेजर लैंड लेवलर, रोटावेटर समेत कई उपकरण शामिल

मीरजापुर, 18 जुलाई 2026 कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं इन-सीटू क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। उप कृषि निदेशक विकेश कुमार पटेल ने बताया कि किसान 16 जुलाई से 30 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक अपनी आवश्यकता के अनुसार कृषि यंत्रों की बुकिंग कर अनुदान का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि 10 हजार रुपये तक अनुदान वाले कृषि यंत्रों की बुकिंग जनपद स्तर पर होगी, जबकि 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए विकासखंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

योजना के तहत किसान ड्रोन, लेजर लैंड लेवलर, रोटावेटर, मल्टीक्रॉप थ्रेसर, हैरो, पावर टिलर, मिनी राइस मिल, मिनी दाल मिल, कल्टीवेटर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, राइस ट्रांसप्लांटर, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक सहित अनेक कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा इन-सीटू योजना के अंतर्गत पराली प्रबंधन के लिए बेलर, क्रॉप रीपर, जीरो टिल सीड ड्रिल और आरएमबी प्लाऊ जैसे यंत्रों की भी बुकिंग की जा सकेगी।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान www.agridarshan.up.gov.in के ‘किसान कॉर्नर’ में जाकर ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर यंत्रों की जानकारी, पात्रता, वितरण प्रक्रिया और अनुदान से संबंधित विस्तृत विवरण भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि 10 हजार रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों पर कोई जमानत राशि नहीं देनी होगी। वहीं 10 हजार से 1 लाख रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 2,500 रुपये तथा 1 लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 5,000 रुपये की जमानत राशि निर्धारित की गई है।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी कृषकों से समय रहते अपनी आवश्यकता के अनुसार कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें