
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का भी दिलाया संकल्प
मीरजापुर। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित माँ विंध्यवासिनी सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पुलिसकर्मियों के उन मेधावी पुत्र-पुत्रियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात गायत्री यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान VAAMA ECO CHAMPS अभियान के अंतर्गत बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। बच्चों ने “हरित घर, स्वच्छ परिवेश और बेहतर भविष्य” के संकल्प के साथ स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का वचन दिया।
सम्मानित विद्यार्थियों में हाईस्कूल वर्ग से सत्यम पाठक, नमन मौर्या एवं नूरीन फातिमा तथा इंटरमीडिएट वर्ग से आयशा खान, साक्षी सरोज एवं निशू पासवान शामिल रहे। समारोह में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















