
मोटरसाइकिल की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास
मीरजापुर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल की टक्कर से पैदल टहलने निकले एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और आसपास के लोगों ने धौरूपुर पोखरा के पास मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस के अनुसार, महेंद्र बिंद पुत्र बेचू बिंद निवासी ग्राम मिश्रौली, थाना कोतवाली देहात सुबह करीब आठ बजे राजपुर नहर के पास पैदल टहलने निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र बिंद की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तथा आक्रोश जताते हुए धौरूपुर पोखरा के पास मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया। सूचना पर थाना कोतवाली देहात पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मार्ग से हटाया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।















