
लालगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से दो की मौत
मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति और 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मार्ग बाधित करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे थाना लालगंज क्षेत्र के बामी गांव में जेपी फ्यूल स्टेशन के सामने NH-135 पर शिवनाथ (50) पुत्र स्व. रामखेलावन और प्रियांशु (13) पुत्र बालमुकुंद, निवासी बामी, साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान रीवा की ओर से आ रहे एक ट्रक की चपेट में दोनों आ गए। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे से नाराज मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवागमन बाधित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर उन्हें सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था और यातायात की स्थिति सामान्य है।















