
मीरजापुर। जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) को सकुशल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। परीक्षा के दौरान बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक समय से पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
यातायात शाखा के अनुसार 2 से 4 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वहीं, रात 10 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को नो-एंट्री क्षेत्र से गुजरने की छूट रहेगी।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे परीक्षा के दौरान शहर में यातायात सुचारु बना रहे और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।














