
विद्युत अभियंताओं ने समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
विद्युत अभियंताओं ने समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन
मिर्जापुर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर शाखा ने वितरण परिवर्तकों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, अवर अभियंताओं के विरुद्ध हो रही दंडात्मक कार्यवाहियों तथा विद्युत व्यवस्था के संचालन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वाराणसी को ज्ञापन भेजा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष राम सिंह के नेतृत्व में जिला सचिव वीरेन्द्र यादव ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित मानव संसाधन के अभाव में विद्युत व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है। इससे वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षतिग्रस्ता और दुर्घटनाओं की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। संगठन ने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में बिना समुचित जांच के अवर अभियंताओं और कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही दंडात्मक कार्यवाहियों पर रोक लगाने, जले हुए ट्रांसफार्मरों की ऑन-साइट मरम्मत के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाएं, सामग्री और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही विद्युत उपकेंद्रों और लाइनों के अनुरक्षण कार्यों के लिए पर्याप्त प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध कराने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने पर जोर दिया गया।

संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इस अवसर पर विपिन कुमार पटेल, अभिषेक मौर्य और रमेश कुमार वैश्य सहित बड़ी संख्या में अवर अभियंता और प्रोन्नत अभियंता उपस्थित रहे।












