
सिरसी गहरवार के चंदईपुर में नवनिर्मित निबंधन कार्यालय भवन का 6 सितंबर को उद्घाटन
मिर्जापुर, 5 सितंबर। सिरसी गहरवार के चंदईपुर में नवनिर्मित निबंधन कार्यालय भवन का उद्घाटन 6 सितंबर को सुबह 11 बजे किया जाएगा। भवन का उद्घाटन स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल करेंगे।
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा। नवनिर्मित भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे निबंधन विभाग के कार्यों में पारदर्शिता, सुगमता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। कार्यालय में आने वाले आमजन को भी बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
नए भवन के निर्माण से विभागीय कार्यों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं अन्य विशिष्टजनों के उपस्थित रहने की संभावना है। उक्त जानकारी डीआईजी स्टाम्प ने दी।














