सेक्रेटरी की अनुपस्थिति से चार ग्राम पंचायतों का कामकाज ठप, ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

सेक्रेटरी की अनुपस्थिति से चार ग्राम पंचायतों का कामकाज ठप, ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग
मीरजापुर। विकासखंड सिटी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लोहदी खुर्द, लोहदी कला, राजापुर और गोपालपुर के ग्रामीणों तथा कुछ ग्राम प्रधानों ने पंचायत सचिव विजय प्रताप पर नियमित रूप से कार्यालय और ग्राम पंचायतों में उपस्थित न रहने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निवास संबंधी अभिलेखों सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें कई-कई दिनों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन सचिव से मुलाकात नहीं हो पाती।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिन ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सचिव को सौंपी गई है, वहां की प्रशासनिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि सचिव की अनुपलब्धता के कारण आम जनता के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं और पंचायत स्तर की व्यवस्थाएं बाधित हो गई हैं। कई बार मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाता, जिससे समस्याएं और बढ़ जाती हैं।
कुछ ग्राम प्रधानों ने भी आरोप लगाया कि सचिव को कई गांवों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन उनकी कार्यशैली के कारण पंचायतों का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई अधिकारी अपने दायित्व वाले गांवों में उपलब्ध ही नहीं रहेगा तो शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रमाण-पत्रों से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निस्तारण कैसे होगा।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा है कि यह भी जांच की जाए कि सचिव अपना अधिकांश समय कहां व्यतीत करते हैं तथा सरकारी दायित्वों का निर्वहन किस प्रकार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो चारों ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें