15 जून के बाद बंद हो जाएंगे गंगा पर बने पांच पांटून पुल, प्रशासन ने जारी की सूचना

15 जून के बाद बंद हो जाएंगे गंगा पर बने पांच पांटून पुल, प्रशासन ने जारी की सूचना

मीरजापुर। जनपद में गंगा नदी पर बनाए गए पांच पांटून पुलों का संचालन 15 जून 2026 तक ही किया जाएगा। विभागीय व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक वर्ष मानसून सत्र शुरू होने से पहले पांटून पुलों को हटाया जाता है। इसी क्रम में 16 जून 2026 से इन पुलों पर आवागमन पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा।

जारी सूचना के अनुसार पांटून पुल अस्थायी रूप से बनाए जाते हैं और वर्षा ऋतु में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इनके संचालन में जोखिम उत्पन्न हो जाता है। सुरक्षा की दृष्टि से हर वर्ष 15 जून के बाद इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

प्रशासन द्वारा जारी सूची में छानबे विधानसभा क्षेत्र के मिश्रपुर-सीतामढ़ी घाट तथा गौरा परमानपुर-रामराय नाथ धाम के बीच बने पांटून पुल शामिल हैं। इसके अलावा मीरजापुर विधानसभा क्षेत्र में चील्ह गोपीगंज मार्ग से हरसिंगपुर घाट संपर्क मार्ग को मां विंध्यवासिनी धाम से जोड़ने वाला पांटून सेतु तथा कम्मनीघाट से कोल्हुआ के बीच स्थित पांटून पुल भी बंद किए जाएंगे।

इसी प्रकार मझवां विधानसभा क्षेत्र में मिर्जापुर-भटौली-जमुनहिया-नेवड़िया घाट मार्ग पर गंगा नदी स्थित नेवड़िया घाट पांटून सेतु का संचालन भी 16 जून से बंद रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित तिथि के बाद इन पांटून पुलों का उपयोग न करें तथा आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। मानसून के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें