
20 ग्राम हेरोइन के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
चार लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर
मीरजापुर। अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को 20 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली शहर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महेश गुप्ता की गली क्षेत्र से नन्हकू सिंह (59) निवासी चिल्ह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 63 बीजे 5061 भी जब्त की गई।
इस संबंध में कोतवाली शहर थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी तथा गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं।
हेरोइन तस्करी पर कोतवाली शहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुखबिर की सूचना पर दबिश, चार लाख की हेरोइन बरामद














