मिर्जापुर में 25 हजार रुपये का इनामिया असलहा तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल

25 हजार रुपये का इनामिया असलहा तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

मीरजापुर। कछवां थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया और अवैध असलहा तस्करी गैंग के सरगना को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक पिस्टल, दो कट्टे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों और अवैध असलहा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षणाधीन कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कछवां में दर्ज दो आर्म्स एक्ट के मुकदमों में वांछित अभियुक्त अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से भटौली के रास्ते भदोही की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने केवटावीर के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के संकेत पर दोनों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान देवश्वर शुक्ला (30) निवासी जयवंत सिंह का पुरा, थाना पड़री, मीरजापुर के रूप में हुई। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, दो कट्टे (.315 बोर और .303 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा 460 रुपये नकद बरामद हुए। उसके खिलाफ थाना कछवां में धारा 109 बीएनएस तथा 3/7/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार देवश्वर शुक्ला के खिलाफ मीरजापुर, वाराणसी और प्रयागराज के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें