
क्रिएटिनिन 1 की जगह 45 और यूरिया 45 की जगह 1 छपा, मरीज ने उठाए सवाल
गलत जांच रिपोर्ट देने का आरोप, मरीज ने सीएमओ से की शिकायत; डायग्नोस्टिक सेंटर ने बताया मिसप्रिंटिंग की हुई थी त्रुटि
मिर्जापुर। शहर के रामबाग स्थित आदित्य डायग्नोस्टिक, सत्य सीटी स्कैन एंड एमआरआई सेंटर पर एक मरीज ने गलत जांच रिपोर्ट देने का आरोप लगाया है। मरीज संतोष शर्मा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मिर्जापुर को शिकायत पत्र देकर डायग्नोस्टिक सेंटर के पंजीकरण को निरस्त करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मरीज ने आरोप लगाया कि डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा ऐसी जांच रिपोर्ट जारी की जा रही हैं, जिनमें गंभीर त्रुटियां हैं। इससे मरीज और उनके परिजन घबराहट, चिंता और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं तथा स्वयं को ठगा और शोषित महसूस कर रहे हैं।
मरीज संतोष शर्मा की 14 मई 2026 की बायोकेमिस्ट्री रिपोर्ट में सीरम क्रिएटिनिन का परिणाम 45.00 mg/dL दर्शाया गया, जबकि सामान्य मानक 0.45 से 1.50 mg/dL के बीच बताया गया है। वहीं सीरम यूरिया 1.00 mg/dL दर्ज किया गया, जबकि इसकी सामान्य सीमा 15 से 45 mg/dL होती है। रिपोर्ट देखने के बाद मरीज और परिजन चिंतित हो गए। शिकायत में कहा गया कि अन्य स्थान पर जांच कराने पर रिपोर्ट इससे बिल्कुल विपरीत और सामान्य सीमा के अनुरूप बताई गई।
इस संबंध में आदित्य डायग्नोस्टिक, सत्य सीटी स्कैन एंड एमआरआई सेंटर के स्टाफ से जानकारी लेने पर विजय नामक अटेंडेंट ने बताया कि रिपोर्ट में मिसप्रिंटिंग की वजह से त्रुटि हो गई थी। उन्होंने बताया कि वास्तविक जांच में क्रिएटिनिन 1 mg/dL और यूरिया 45 mg/dL था, लेकिन रिपोर्ट में गलती से क्रिएटिनिन 45 mg/dL और यूरिया 1 mg/dL छप गया। स्टाफ के अनुसार मरीज को फोन कर इसकी सूचना दे दी गई थी और संशोधित सही रिपोर्ट तैयार कर दी गई है, जिसे मरीज किसी भी समय प्राप्त कर सकते हैं। इसकी एक प्रति पत्रकारों को भी उपलब्ध कराई गई है।
गौरतलब है कि रामबाग स्थित इस संस्थान के संस्थापक डॉ. अनिल श्रीवास्तव हैं। मामले को लेकर मरीज ने स्वास्थ्य विभाग से जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।















