20 जून तक पूरा करें विंध्य विश्वविद्यालय निर्माण कार्य, देरी पर होगी कार्रवाई : मंडलायुक्त

मां विन्ध्यवासिनी विंध्य विश्वविद्यालय निर्माण-मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर परखी प्रगति

शैक्षणिक व एकेडमिक ब्लाक सहित परिसर के अन्दर व मुख्य सड़क से विश्वविद्यालय गेट तक के सड़क को 20 जून तक पूर्ण करने का दिया डेडलाइन-लेट लतीफी पर होगी कार्यवाही

मीरजापुर 24 मई 2026-मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने आज निर्माणाधीन मां विन्ध्यवासिनी विंध्य विश्वविद्यालय देवरी मड़िहान में पहुंचकर अधिकारियो के साथ परिसर व सभी शैक्षणिक व एकेडमिक ब्लाक का औचक निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने एक-एक भवन में जाकर सिविल, इलेक्ट्रिकल और फिनिशिंग कार्य की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लिया। मण्डलायुक्त ने मौके पर मजदूरो व राज मिस्त्रियो की संख्या कम पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। तत्पश्चात मण्डलायुक्त द्वारा लोक निर्माण विभाग, भवन निर्माण खण्ड के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशासनिक भवन व एकेडमिक के सभी ब्लाक अधिकतम 20 जूून 2026 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि लेट लतीफी पर कड़ी कार्यवाही होगी।
निरीक्षण के पश्चात मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने परिसर के मीटिंग हाल में अधिकारियो के साथ बैठक कर कार्य धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “नया शैक्षणिक सत्र जुलाई से प्रस्तावित है, उसके दृष्टिगत 20 जून 2026 तक हर हाल में भवन के कार्य पूर्ण करते हुए को हैंडओवर कार्यवाही सुनिश्चित करे, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक कार्य प्रारम्भ किया जा सके। उन्होंने शिफ्टवार मजदूरो की संख्या बढ़ाते हुए कार्य में तेजी लाए तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया जाए। बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा की गई तथा भू गर्भ जल विभाग एवं जल निगम के अधिकारियो को निर्देशित किया कि कैम्पस के निकट/आस पास वाटर की उपलब्धता का सर्वे कर एक सप्ताह के अन्दर आख्या प्रस्तुत करे ताकि बोरिंग कर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि यदि आस पास से पानी को लिफ्ट कर लाया जा सके तो उससे भी अवगत कराएं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि मुख्य सड़क से परिसर तक पहुंच मार्ग लोक निर्माण विभाग द्वारा तथा परिसर के अन्दर के सभी सड़क व सीवर को भी 20 जून 2026 तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कैम्पस में लाइटिंग व पेयजल, विद्युतीकरण और कैंपस लाइटिंग का कार्य प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि तय तिथि तक कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित फर्म का भुगतान रोकने के साथ-साथ पेनाल्टी भी लगाई जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परिसर में छायादार पौधे का वृक्षारोपण कराने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, भवन निर्माण के साथ उपयुक्त स्थान का चयन कर ले ताकि बीच-बीच में पीपल, बरगद, नीम, पाकड़ आदि छायादार वृक्ष का पौधरोपण किया जा सके। यह भी कहा कि सड़को के किनारे व बाउंड्रीवाल के किनारे भी उपयुक्त पौधो का वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, रजिस्टार मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय राम नरायन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, भवन निर्माण, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, भू गर्भ विभाग के अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें