सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 24 बैटरियां व चोरी की पिकअप बरामद

सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 24 बैटरियां व चोरी की पिकअप बरामद

मीरजापुर। अदलहाट पुलिस ने वाहनों और उनकी बैटरियां चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कबाड़ व्यवसायी समेत चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक पिकअप, 24 बैटरियां तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार नेवादा स्थित भूसा गोदाम के बाहर खड़ी पिकअप वाहन चोरी होने तथा एक गैरेज से दो बैटरियां चोरी किए जाने के मामलों की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अदलहाट पुलिस ने 6 जून को पचगेड़ा पुलिया के पास से बसन्त बिन्द, दीपक बिन्द, महेश बिन्द और अजय कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की पिकअप और एक बैटरी बरामद हुई। पूछताछ के आधार पर अहरौरा स्थित अजय विश्वकर्मा की कबाड़ दुकान से 23 अन्य चोरी की बैटरियां भी बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 24 बैटरियां बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो अदलहाट और अहरौरा क्षेत्र में सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों तथा उनकी बैटरियां चोरी करता था। चोरी का सामान कबाड़ की दुकान पर बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पिकअप, 24 बैटरियां, एक लोहे की कैचीदार रॉड और दो रिंच बरामद किए हैं। मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें