
पान्टून पुल 15 जून से होगा बंद, आवागमन पर लगेगी रोक
मीरजापुर। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले गंगा नदी पर बने अस्थायी पान्टून पुल को हटाने की प्रक्रिया 15 जून से शुरू कर दी जाएगी। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत गोरा परमानपुर और सेमराध नाथ धाम के बीच गंगा नदी पर निर्मित पान्टून पुल पर 15 जून के बाद यातायात पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
विभागीय आदेश में बताया गया है कि प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व 15 जून को पान्टून पुलों को हटाने का कार्य शुरू किया जाता है। इसी क्रम में जनपद मीरजापुर में संचालित उक्त पान्टून पुल का डिस्मेंटलिंग कार्य 15 जून 2026 से प्रारंभ कराया जाएगा।
पुल हटाए जाने के बाद दोनों किनारों के बीच आवागमन के लिए लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा। विभाग ने आमजन से निर्धारित तिथि के बाद पान्टून पुल का उपयोग न करने की अपील की है।
—













