
नाबालिग को भगाने, दहेज हत्या और दुष्कर्म के मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अलग-अलग मामलों में आरोपियों को भेजा जेल
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 22 लोगों का भी चालान
मीरजापुर। जनपद पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, दहेज हत्या तथा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 22 व्यक्तियों का बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया।
थाना जमालपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में सुशील गोड़ निवासी रामपुर शेरवा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पहले ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) एवं 87 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं कोतवाली शहर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद आरोपी मनीष यादव निवासी जोगियाबारी को गिरफ्तार किया। मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया गया था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है।
उधर विंध्याचल पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में बृजेश बिंद निवासी बरकछा को गिरफ्तार किया। युवती की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 69 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में पड़री थाना क्षेत्र से 6, लालगंज से 4, हलिया से 2, जिगना से 4 तथा अहरौरा से 6 व्यक्तियों समेत कुल 22 लोगों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालान किया गया।














