ड्रोन की निगरानी में लालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद

मीरजापुर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए लालगंज पुलिस ने ड्रोन कैमरे की निगरानी में दबिश देकर 40 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब पांच कुंतल लहन, 25 भट्ठियों तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरणों को भी नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण तथा अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक लालगंज वेद प्रकाश पाण्डेय की टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी स्थित कंजड़ बस्ती एवं नदी किनारे जंगल क्षेत्र में ड्रोन कैमरे की सहायता से छापेमारी की। दबिश के दौरान पुलिस ने कमल सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी खजुरी कंजड़ बस्ती, थाना लालगंज को 40 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से शराब के निर्माण और बिक्री में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान लगभग पांच कुंतल लहन, 25 भट्ठियों तथा कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों और सामग्री को नष्ट कर दिया। मामले में थाना लालगंज पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें