
गंगा प्रहरी ने किया भारतीय सॉफ्टशेल कछुए का रेस्क्यू, सुरक्षित गंगा में छोड़ा
मिर्जापुर। फतहां घाट पर गंगा प्रहरियों ने भारतीय सॉफ्टशेल (शीतर) कछुए का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित रूप से गंगा नदी में छोड़ दिया। यह अभियान भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून की जलज परियोजना के अंतर्गत संचालित किया गया।
गंगा प्रहरी श्याम बाबू निषाद एवं सप्तमी निषाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान स्थानीय मछुआरों के जाल में फंसे लगभग 10 से 12 किलोग्राम वजन के इंडियन सॉफ्टशेल कछुए को बिना किसी चोट के बाहर निकाला गया। इसके बाद गंगा प्रहरियों ने उसे फतहां गंगा घाट पर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
इस अवसर पर गंगा प्रहरियों ने गंगा तट के आसपास रहने वाले लोगों को जलीय जीव संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, वृक्षारोपण तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक भी किया। उन्होंने लोगों से गंगा और उसमें रहने वाले जीवों की सुरक्षा के लिए सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में गंगा प्रहरी राहुल कुमार, श्याम बाबू निषाद, सप्तमी निषाद, प्रमोद, रामबाबू चौधरी, सूरज तथा रामजग उर्फ टुन्नु सहित अन्य लोग मौजूद रहे।















