
नटवा रोड पर महिला लहूलुहान हालत में मिली, गले पर धारदार हथियार से हमले की आशंका
मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा रोड पर सोमवार को एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी चोट के गंभीर निशान मौजूद हैं।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा घटना के कारणों और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।














