
एक किलो से अधिक चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, दुष्कर्म के आरोपी समेत तीन वारंटी भी दबोचे
मिर्जापुर। जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक किलो 35 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही तीन वारंटियों को भी दबोचा गया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 35 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
चुनार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुर्गा जी मोड़ खोवा मंडी के पास से मोटरसाइकिल सवार करनल उर्फ सोनू पटेल निवासी बाराडीह उदितनगर, थाना चुनार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 35 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।
उधर, जमालपुर थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म के मामले में आरोपी राम लखन बिंद उर्फ घासी निवासी मनोहरपुर, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने पहले ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था।
पुलिस के विशेष अभियान के तहत कोतवाली शहर, हलिया और जिगना थाना पुलिस ने एक-एक वारंटी समेत कुल तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इसके अलावा जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 35 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।










