
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोनोब्लॉक पंप बरामद, अवैध शराब के साथ तस्कर दबोचा; मिर्जापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मिर्जापुर। मिर्जापुर पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी, चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त तथा अवैध शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 28 व्यक्तियों का बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में चालान किया गया।
थाना मड़िहान पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपी सूरज पटेल निवासी देवपुरा, थाना राजगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं थाना जमालपुर पुलिस ने खेत से चोरी हुए मोनोब्लॉक पंप के मामले का खुलासा करते हुए मनीष सिंह उर्फ अरविंद सिंह निवासी खड़ेहरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया मोनोब्लॉक पंप बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया।
उधर थाना पड़री पुलिस ने अभियान के तहत संदीप सोनकर निवासी सुखदेवपुर, थाना चकिया (चंदौली) को 17 टेट्रा पैकेट अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 28 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की। इनमें कोतवाली शहर से 2, कोतवाली कटरा से 8, कछवां से 1, चुनार से 3, हलिया से 9, ड्रमण्डगंज से 1, संतनगर से 1 तथा मड़िहान से 3 व्यक्तियों का चालान किया गया।















