मिर्जापुर: सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, आभूषण व नकदी बरामद

मिर्जापुर: सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, आभूषण व नकदी बरामद

मिर्जापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने सर्राफा एवं बर्तन की दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को बड़ी माता की गली, बसही बाजार निवासी राज कुमार सेठ ने अपनी सर्राफा एवं बर्तन की दुकान में चोरी होने की तहरीर थाना कोतवाली कटरा में दी थी। इस आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कटरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ पुरानी बाजार निवासी 26 वर्षीय फिरोज अहमद तथा प्रयागराज के माण्डा थाना क्षेत्र के बेदौली निवासी 22 वर्षीय दिनेश गौतम के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 जोड़ी पायल, 76 पीस बिछिया, 38 अंगूठियां, एक जोड़ा हाथफूल, 17 चैन, 16 कड़े (सभी सफेद धातु) तथा 1,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(ए) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।

इस कार्रवाई को उप निरीक्षक संजय सिंह, उप निरीक्षक महेन्द्र पटेल तथा थाना कोतवाली कटरा की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें