
230 पृष्ठ का अखबार, मिर्जापुर में पाठकों को मिल रहे महज 24 पेज
हाकरों और पाठकों में नाराजगी, प्रथम पृष्ठ पर 230 पृष्ठ अंकित होने के बावजूद पूरा अखबार नहीं मिलने पर उठे सवाल
मिर्जापुर। बनारस से प्रकाशित होने वाले एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र का गुरुवार को 230 पृष्ठ का विशेष संस्करण प्रकाशित होने के बावजूद मिर्जापुर जिले में पाठकों और अखबार वितरित करने वाले हाकरों को महज 24 पृष्ठ ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अखबार के प्रथम पृष्ठ पर स्पष्ट रूप से 230 पृष्ठ अंकित है, लेकिन जिले में पाठकों तक पूरा अंक नहीं पहुंचने से हाकरों और पाठकों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया गया कि गुरुवार को प्रकाशित विशेष संस्करण को लेकर पाठकों में उत्सुकता थी। प्रथम पृष्ठ पर 230 पृष्ठ होने का उल्लेख देखकर लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें विस्तृत सामग्री वाला पूरा अखबार मिलेगा। इसके विपरीत मिर्जापुर में वितरण व्यवस्था के माध्यम से हाकरों और पाठकों को केवल 24 पृष्ठ का अखबार ही मिल रहा है। इससे जिले भर में अखबार के नियमित पाठकों में असंतोष है।
हाकरों ने उठाया सवाल—पूरा अखबार क्यों नहीं दिया जा रहा?
अखबार बांटने वाले कुछ हाकरों ने भी इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब अखबार के प्रथम पृष्ठ पर साफ-साफ 230 पृष्ठ लिखा हुआ है तो उन्हें पूरा अखबार क्यों नहीं दिया जा रहा है, यह बड़ी बात है। हाकरों का कहना है कि पाठक उनसे पूरे अखबार की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनके पास उपलब्ध कराने के लिए पूरा अंक ही नहीं है।
एक हाकर ने आरोप लगाया कि किलो के भाव अखबार बेचने के लिए भी अखबारों को दबा दिया जा रहा है। इससे वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और हाकरों को अपने नियमित ग्राहकों को अखबार उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।
पाठकों ने बताया सूचना रोकने का षड्यंत्र
उधर, पाठकों ने भी पूरे अखबार के बजाय केवल 24 पृष्ठ उपलब्ध कराए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अखबार लोगों तक समाचार और महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने का माध्यम है। ऐसे में पूरा अखबार उपलब्ध नहीं कराया जाना पाठकों को महत्वपूर्ण सूचनाओं से वंचित करने जैसा है।
पाठकों ने इसे “सूचना को रोकने का षड्यंत्र” बताते हुए कहा कि यह किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रथम पृष्ठ पर 230 पृष्ठ का उल्लेख है तो मिर्जापुर के पाठकों को पूरा अखबार क्यों नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। पाठकों और हाकरों ने वितरण व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदार लोगों से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने और पूरा अखबार उपलब्ध कराने की मांग की है।















