Mirzapur News: 198 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 1.25 करोड़ का गांजा बरामद

Mirzapur News: 198 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 1.25 करोड़ का गांजा बरामद

मीरजापुर। मड़िहान थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है। गांजा तस्करी में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मड़िहान थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बेला मंदिर, ग्राम दांती के पास सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक अशोक लेलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में कोयला लदा हुआ था। तलाशी के दौरान कोयले के बीच छिपाकर रखी गई छह बोरियों से कुल 198 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम, निवासी न्यू आनंद नगर, पम्प हाउस कुन्डम रोड, थाना अधारताल, जनपद जबलपुर, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है।

उड़ीसा से प्रयागराज और वाराणसी पहुंचाना था गांजा

पूछताछ में पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह उड़ीसा के रायगढ़ा से ट्रक में लदे कोयले के बीच गांजा छिपाकर ला रहा था। गांजा प्रयागराज और वाराणसी में बताए गए व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था, जहां से मांग के अनुसार इसकी सप्लाई की जाती।

अभियुक्त के अनुसार गांजा निर्धारित व्यक्ति तक पहुंचाने के एवज में उसे प्रत्येक चक्कर के एक लाख रुपये मिलते थे। इसी लालच में वह गांजा लेकर उड़ीसा से वाराणसी और प्रयागराज की ओर जा रहा था।

पुलिस ने इस मामले में थाना मड़िहान में मुकदमा अपराध संख्या 228/2026, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MP28H4005 को भी सीज कर दिया गया है। गिरफ्तारी और बरामदगी 19 सितंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे बेला मंदिर, ग्राम दांती के पास की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य, प्रभारी निरीक्षक मड़िहान मय पुलिस टीम तथा उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज मय टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें