भारत टैक्सी सेवा शुरू,अब सफर होगा आसान

कृषकों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर मिलेगा छह लाख तक का दीर्घकालीन ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ

मीरजापुर, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभागार, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मीरजापुर में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, चेयरमैन सहकारिता डा. जगदीश सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

लघु एवं सीमांत किसानों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण तथा कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल बताया गया। योजना के तहत पात्र किसानों को एलडीबी द्वारा छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।

प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि के साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों तथा आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

10 लाभार्थियों को वितरित किए ऋण के चेक
जनपदीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के पांच लाभार्थियों तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण के चेक प्रदान किए गए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बी-पैक्स के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को इससे जोड़ने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

भारत टैक्सी सेवा भी शुरू

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी को सहकारी टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफार्म बताया गया। ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के तहत चालक इसमें सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण तथा रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, जिला सहकारी बैंक के उपसभापति विपुल सिंह, एलडीबी मीरजापुर के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, लालगंज के अध्यक्ष शिवपूजन सिंह, चुनार के अध्यक्ष अशोक कुमार, संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता योगेंद्र पाल सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, सचिव, कृषक एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें