
सिटी कोतवाली के सामने तीन मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की नींव रखी
मीरजापुर। सिटी कोतवाली के सामने प्रस्तावित तीन मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य का शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की नींव रखी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।
प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर पर दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बन जाने से नगरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के आवश्यक सामान उपलब्ध हो सकेंगे। इससे लोगों को खरीदारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत कम होगी और नगर में व्यवस्थित बाजार की सुविधा भी विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद यहां विभिन्न प्रकार की दुकानें संचालित होंगी, जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि इसका लाभ लंबे समय तक नगर की जनता को मिल सके।
इस मौके पर नगर पालिका के सभासद, सभासदपति किशन कसेरा, सीएंडडीएस उत्तर प्रदेश जल निगम के अधिकारी, ठेकेदार रविंद्र कुमार यादव सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













