हॉकी में मीरजापुर पुलिस के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

हॉकी में मीरजापुर पुलिस के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

वाराणसी जोन की टीम ने जीता कांस्य पदक, एसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मीरजापुर। 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक हॉकी प्रतियोगिता (पुरुष/महिला) में वाराणसी जोन की पुरुष हॉकी टीम ने तृतीय स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम की इस उपलब्धि में मीरजापुर जनपद के चार पुलिस खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा।

प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 19 सितंबर 2026 तक 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी में किया गया। वाराणसी जोन की ओर से मीरजापुर के निरीक्षक सनवर अली, मुख्य आरक्षी चालक पुलिस अरविन्द कुमार राय, मुख्य आरक्षी चालक पुलिस मृत्युंजय कुमार तथा मुख्य आरक्षी पुलिस मो. फिरोज अली ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। चारों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए वाराणसी जोन की पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता से वापस मीरजापुर पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने चारों खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों के सम्मान से पुलिस विभाग में भी उत्साह का माहौल रहा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें