गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में राष्ट्रनायकों को नमन

गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में राष्ट्रनायकों को नमन

एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने तस्वीरों पर माल्यार्पण कर दिलाई सत्य, अहिंसा और राष्ट्रीय एकता की शपथ

मीरजापुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पुलिस लाइन मीरजापुर में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर सलामी दी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की आजादी, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए तन-मन से योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हुए विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक माध्यमों से करने का आह्वान किया।

एसपी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए आदर्शों और विचारों का अनुसरण कर कर्तव्य पथ पर ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी एलआईयू, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जनपद के सभी थानों और चौकियों पर भी गांधी एवं शास्त्री जयंती मनाई गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन दर्शन, विचारों, राष्ट्रीय भावना और देश की आजादी में योगदान को याद किया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें