विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा

विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा

क्रय कमेटी की बैठक में लिया गया निर्णय, ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का चार गुना और शहरी क्षेत्र में दो गुना भुगतान

मीरजापुर, 5 अक्टूबर। विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए भूमि क्रय को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार द्वारा गठित क्रय कमेटी की बैठक सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज महुवारिया के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों को दिए जाने वाले भूमि मुआवजे की दरों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

तहसील सदर क्षेत्र में विंध्य एक्सप्रेस-वे से प्रभावित कुल 55 ग्रामों के काश्तकारों को भूमि की दर एवं सर्किल रेट के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि की प्रकृति के अनुसार सर्किल रेट का चार गुना तथा शहरी क्षेत्रों में दो गुना मुआवजा दिया जाएगा।

इसके अलावा भूमि पर स्थित संरचनाओं एवं भवनों का मूल्यांकन वर्तमान प्रचलित दरों के आधार पर करते हुए उसका भी मुआवजा दिए जाने का निर्णय लिया गया। निर्णय से एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि देने वाले प्रभावित काश्तकारों को उनकी भूमि का उचित प्रतिफल मिलने की उम्मीद है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें