
मिर्जापुर में खराब मौसम और वज्रपात को लेकर अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
पेड़, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से रहें दूर, आपदा कंट्रोल रूम नंबर 05442-256357 पर करें संपर्क

मीरजापुर, 28 अक्टूबर 2026। खराब मौसम, तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह ने जनसामान्य के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि तेज हवा और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों, टिनशेड तथा कमजोर होर्डिंग के नीचे खड़े न हों। सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। बिजली कड़कने के दौरान ऊंचे पेड़ों, खुले स्थानों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल भी सावधानीपूर्वक करें।
किसानों को विशेष सतर्कता की सलाह
प्रशासन ने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर फसलों की कटाई-मड़ाई करने तथा खुले में रखे अनाज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करने को कहा है। कृषि कार्य के दौरान आकाशीय बिजली की चेतावनी मिलने पर खुले खेतों में न रुकें।
नदी, नालों, जलाशयों, बांधों और जलप्रपातों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें। बारिश के दौरान तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें। कच्चे और जर्जर भवनों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
मौसम की जानकारी लेते रहें
अपर जिलाधिकारी ने लोगों से मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी और चेतावनियों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग के आधिकारिक माध्यमों तथा मौसम, दामिनी और मेघदूत ऐप का उपयोग करने की अपील की है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05442-256357 अथवा आपदा हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क कर सूचना दें।















