
मिर्जापुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बजाज स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता शपथ, भाषण प्रतियोगिता एवं रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।
लेफ्टिनेंट संदीप कुमार गोस्वामी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे, सद्भावना एवं देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विचार व्यक्त किए, वहीं एकता दौड़ के जरिए देश की एकजुटता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैडेट्स ने कहा कि देश की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और विविधता में निहित है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति एवं सुरक्षा के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने सशक्त, समरस एवं अखंड भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।















