मिर्जापुर में गंगा और अन्य जलस्रोतों में गिरते हैं 163 नाले, डीएम ने दिए टैपिंग के काम में तेजी लाने के निर्देश

मिर्जापुर में पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता को लेकर डीएम सख्त, 163 नालों की टैपिंग समय से पूरी कराने के निर्देश

बंदरों की समस्या के समाधान के लिए भी अधिकारियों को दिए निर्देश

मिर्जापुर, 31 अक्टूबर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, अमलदरामद तथा बंदरों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, गंगा की स्वच्छता और बंदरों की समस्या सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराई जाए। साथ ही पौधों की जीवितता और सफलता का प्रतिशत निर्धारित करते हुए अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यों की थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग समयबद्ध तरीके से कराने तथा उत्कृष्ट कार्यों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

163 नालों की टैपिंग की हुई समीक्षा

जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा नदी एवं उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। गंगा घाटों की साफ-सफाई, नदी में प्रदूषण की रोकथाम और गंगा संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों पर चर्चा हुई।

इस दौरान जनपद में गंगा नदी एवं अन्य जलस्रोतों में गिरने वाले कुल 163 नालों की टैपिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नालों की टैपिंग का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराया जाए और टैप किए गए नालों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि प्रदूषित पानी नदियों में न पहुंच सके।

बंदरों की समस्या पर भी गंभीरता से विचार

बैठक में जनपद में बंदरों के बढ़ते आतंक और उनसे आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदरों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

इसके अलावा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों एवं विभिन्न कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए समयबद्ध अनुपालन के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा कराएं तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें