
मीरजापुर पुलिस की कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, चोरी की भैंस-पड़िया और पिकअप बरामद
ड्रमंडगंज में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, राजगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों का किया खुलासा
मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ड्रमंडगंज पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि राजगढ़ पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई एक भैंस, एक पड़िया और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।
नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में 21 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में उप निरीक्षक ईश्वरचंद तिवारी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रीतम गुप्ता पुत्र प्रेमचंद उर्फ बग्गी गुप्ता निवासी गड़बड़ा गोकुल, थाना ड्रमंडगंज को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।
चोरी की भैंस-पड़िया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में राजगढ़ पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहला मामला 10 नवंबर 2026 का है, जिसमें दरवान गांव निवासी अजीत कुमार बिंद ने घर के सामने बंधी भैंस और पड़िया चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने उप निरीक्षक शम्भूनाथ यादव की टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर संजय कुमार बिंद पुत्र दशरथ बिंद निवासी कुंडी, थाना राजगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गई भैंस, पड़िया और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया।
वहीं, दूसरे मामले में वर्ष 2025 में टेंपो चोरी के दर्ज मुकदमे में वांछित सूरज उर्फ कल्लू पुत्र महेश प्रसाद निवासी चुर्क, थाना राबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र को उप निरीक्षक पुरंजय चौबे की टीम ने गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया है।
शांति भंग में 36 लोगों का चालान
इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत कुल 36 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें शहर कोतवाली के तीन, कटरा के पांच, चील्ह के तीन, पड़री के पांच, चुनार के छह, लालगंज के एक, हलिया के दो, जिगना के पांच, संतनगर के पांच और अहरौरा के एक व्यक्ति शामिल हैं।














