जनगणना से तय होंगी देश के विकास की योजनाएं, 16 नवंबर से ऑनलाइन स्व-गणना शुरू: जिलाधिकारी

जनगणना से तय होंगी देश के विकास की योजनाएं, 16 नवंबर से ऑनलाइन स्व-गणना शुरू: जिलाधिकारी

मिर्जापुर में कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक, विद्यार्थियों के जरिए अभिभावकों को जागरूक करने की अपील

मिर्जापुर, 13 नवंबर। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही केंद्र और राज्य सरकारें विकास योजनाओं, बजट आवंटन और विभिन्न क्षेत्रों की प्राथमिकताएं निर्धारित करती हैं। इसलिए जनगणना का कार्य पूरी शुद्धता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराना सभी का दायित्व है।

जिलाधिकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों के प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों एवं नोडल शिक्षकों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आगामी जनगणना की तैयारियों, ऑनलाइन स्व-गणना और जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी गई है। 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक लोग मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना में शुद्धता आएगी और समय की बचत होगी।

जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे छात्र-छात्राओं के माध्यम से उनके अभिभावकों को ऑनलाइन स्व-गणना के प्रति जागरूक करें। विद्यालयों में जनगणना के महत्व की जानकारी देकर अधिक से अधिक परिवारों को इस अभियान से जोड़ें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए होगा। किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत लाभ या हानि के लिए इन आंकड़ों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रांति में न पड़ें और निर्भीक होकर सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी घर-घर जाकर शेष परिवारों का विवरण एकत्र करेंगे। जनगणना के दौरान मकान सूची, परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु, शिक्षा, व्यवसाय और आवासीय सुविधाओं समेत कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का जागरूक और सम्मानित वर्ग हैं। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षकों के सक्रिय सहयोग से जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ समय से पूरा किया जा सकेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें